
पंचतत्व में विलीन हुए दिशोम गुरू शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी मुखाग्नि
रामगढ़। मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, संरक्षक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद दिशोम गुरू शिबू सोरेन पंचतत्व में विलीन हो गए। राजधानी रांची से सटे रामगढ़ जिला स्थित पैतृक गांव नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को राजकीय सम्मान दिया गया। जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिता शिबू सोरेन को मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में तमाम दिग्गज नेता और ग्रामीण उपस्थित रहें। मौके पर सभी की आंखें गुरूजी को विदाई देते हुए नम थी। दिशोम गुरू शिबू सोरेन के निधन से झारखंड सहित पूरे देश में शोक की लहर है। देशभर में राजनीतिक दल के ने उनके समर्थक और देश सहित झारखंड की जनता उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। उनका अंतिम संस्कार रामगढ़ जिला स्थित पैतृक गांव नेमरा में आज मंगलवार (5 अगस्त 2025) को हुआ।

फफक फफक कर रो पड़े सीएम हेमंत सोरेन व पत्नी रुपी सोरेन
इससे पहले दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को जैसे ही श्मशान घाट के लिए निकाले जाने पर सीएम हेमंत सोरेन फफक फफक कर रोने लगे। इस दौरान दोनों बेटे भी उनके साथ खड़े थे उनकी आंखें भी नम थी। वहीं शिबू सोरेन की पत्नी व सीएम हेमंत सोरेन की मां रुपी सोरेन भी दिशोम गुरू को श्मशान ले जाने के लिए तैयारी के दौरान फफक कर रो पड़ी। इस दौरान हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन उन्हें संभालते हुए नजर आई।

दिशोम गुरू के अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब
झारखंड आंदोलन के प्रणेता जननायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर पैतृक आवास नेमरा से अंतिम यात्रा के लिए निकला तो बड़ी संख्या में लोग गुरु जी को अंतिम विदाई देने के लिए जमा हुए थे। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गुरूजी को विदाई देते हुए पूरा नेमरा गांव गम में डूबा था। लोग नम आंखों से उन्हें विदा दे रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अर्थी को बेटा हेमंत सोरेन और बसंत सोरेन के साथ परिवार के अन्य सदस्यों ने कंधा दिया।

नेमरा गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
दिशोम गुरु के अंतिम संस्कार को लेकर नेमरा गांव में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था। गांव से करीब दस किलोमीटर पहले ही हेलिपैड और गांव में दर्जनभर से अधिक वाटरप्रूफ पंडाल बनाए गए थे। वहीं दिशोम गुरू के पैतृक घर से श्मशान घाट तक पानी लगे धान के खेतों में बांस और बल्ली और प्लाईवुड जोड़ते हुए मार्ग तैयार किया गया था।

शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल हुए गणमान्य
झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद स्व शिबू सोरेन के नेहरा गांव में संपन्न हुए अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, एआईसीसी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, तेजस्वी यादव, तेलंगाना से भारत राष्ट्र समिति पार्टी के नेता सह कृषि मंत्री प्रशांत बेदी और आदिवासी महिला विधायक तेलंगाना जय लक्ष्मी, आप पार्टी के सांसद संजय सिंह, पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद पप्पू यादव सहित देश के अलग- अलग राज्यों के मंत्री, विधायक और नेता पहुंचे।

सांसद पप्पू यादव ने की गुरु जी को भारत रत्न देने की मांग
मीडिया से बात करते हुए बिहार के पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद पप्पू यादव ने झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख की मांग का समर्थन करते हुए गुरुजी को भारतरत्न दिए जाने की मांग की।

दिशुम गुरू को श्रद्धांजलि देते हुए भावुक हुए चंपई सोरेन
दिशुम गुरु शिबू सोरेन के खास सहयोगी रहे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा विधायक चंपई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए भावुक हो गए।

दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में 4 अगस्त को ली अंतिम सांस
बता दें, सोमवार (4 अगस्त 2025) को दिशोम गुरु (81 वर्ष) ने दुनिया को अलविदा कहा। वे पिछले लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज नई दिल्ली स्थित सर गंगाराम हॉस्पिटल में चल रहा था। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने हॉस्पिटल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दिल्ली से उनके पार्थिव शरीर को रांची पहुंचाने के बाद राजधानी में लोगों ने भी नम आंखों से दिशोम गुरु शिबू सोरेन को अंतिम विदाई देते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
गणमान्य लोगों ने झारखंड विधानसभा परिसर में किया अंतिम दर्शन
सूबे के पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को नेमरा ले जाने से पहले पूरे राजकीय सम्मान के साथ झारखंड विधानसभा परिसर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। जहां झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगावार, झारखंड विधानसभा स्पीकर रवींद्रनाथ महतो, केंद्र व राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।









