
जोर पकड़ रहा है आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन
स्कैन एंड शेयर ऑनलाइन पोर्टल से लगभग 98 प्रतिशत मरीजों का पंजीयन रशीद निकाला गया
रांची को छोड़ देवघर जिला का प्रतिशत अन्य जिलों से बेहतर रहा: डॉ शरद
देवघर। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन अंतर्गत स्कैन एंड शेयर में गुरुवार को ऑनलाइन पोर्टल से लगभग 98 प्रतिशत मरीजों का पंजीयन रशीद निकाला गया।आज सदर अस्पताल देवघर के ओपीडी में नए मरीजों की कुल संख्या 526 थी। जिनमें 517 मरीजों का ई रजिस्ट्रेशन किया गया। लगभग एक वर्ष से ई रजिस्ट्रेशन की सुविधा सदर अस्पताल देवघर में बहाल है, अब तक में आज का ई पंजीयन प्रतिशत सबसे बेहतर रहा है। आज का प्रतिशत अब तक पूरे राज्य में रांची जिला को छोड़ कर देवघर जिला का यह प्रतिशत अन्य सभी जिलों से बेहतर रहा है। भारत सरकार प्रायोजित इस योजना अंतर्गत स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटलाइजेशन करने का लक्ष्य है।

दन्त वाह्य विभाग में मरीजों को दिए जा रहे उपचार एवं परामर्श को भी ऑनलाइन कर दिया गया है। जबकि अन्य सभी विभागों में ऑनलाइन किया जाना है। उसी तरह भर्ती मरीजों को दिए जा रहे इलाज एवं परामर्श को ऑनलाइन करने हेतु इमरजेंसी वार्ड के नजदीक एक अलग रूम को चिन्हित कर वहां पर कंप्यूटर ऑपरेटर की ड्यूटी लगा दी गई है। आने वाले कुछ महीनों में पूरी व्यवस्था ऑनलाइन दिखने की उम्मीद है। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत श्याम कुमार, सौरभ कुमार, दयानंद मांझी, गोविंद झा, शिवनाथ रमानी, पिंटू, निशिकांत और सन्नी द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्यों और सीनियर एग्जीक्यूटिव राजीव रंजन का सहयोग साथ ही आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के कार्यक्रम समन्वयक सुधांशु रंजन की निगरानी में देवघर जिला द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है। उक्त जानकारी आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ शरद कुमार ने दी। साथ ही डॉ शरद कुमार ने कहा कि जिले के सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन और सहयोग से और बेहतर कार्य की उम्मीद है।









