रघुवर दास को केंद्र या झारखंड में मिल सकती है संगठन की जिम्मेदारी
भाजपा में महत्वपूर्ण पद दिए जाने पर मंथन जारी, जनवरी में होगा संगठनात्मक बदलाव
सुनील झा
देवघर। ओडिशा के राज्यपाल पद से मंगलवार को इस्तीफा देने वाले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को भाजपा की ओर से संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने पर मंथन किया जा रहा है। वह पुनः राजनीतिक की नई पारी खेल सकते हैं। वह 18 अक्टूबर 2023 से राज्यपाल के पद पर नियुक्त हुए थे और 31 अक्टूबर को राज्यपाल पद की शपथ ली थी। सूत्र बताते हैं कि इसी परिप्रेक्ष्य में भाजपा उन्हें राज्यपाल पद से इस्तीफा देने को कहा है। ताकि जनवरी माह के अंत तक भाजपा संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले संगठनात्मक बदलाव में रघुवर दास को महत्वपूर्ण पद दिया जा सके। बताया जाता है कि उन्हें राष्ट्रीय या प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण पद दिया जा सकता है। संभावना यह है कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष या प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है! वह पूर्व में भी संगठन में झारखंड भाजपा अध्यक्ष व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर अपनी भूमिका अदा कर चूके हैं। उन्होंने टाटा मजदूर यूनियन से राजनीतिक में कदम रखा था। रघुवर दास जमशेदपुर पूर्वी से विधायक और राज्य के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की भूमिका अदा कर चूके हैं। राजनीतिक गलियारों में रघुवर दास के भाजपा में वापसी की अटकलें विधानसभा चुनाव से पहले से लगायी जा रही थी। झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले वह केंद्रीय गृह मंत्री सह भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह से मुलाकात कर संगठन में भूमिका निभाने की इच्छा जता चूके थे। तभी से उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण पद दिए जाने की बात को बल मिला था। उन्हें संगठन में कौन सा पद सौंपा जाएगा यह बता पाना अभी शत प्रतिशत संभव नहीं है, लेकिन इतना तय है कि उन्हें राष्ट्रीय या प्रदेश अध्यक्ष पद नहीं मिला तो केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। इससे उनके विरोधी फिर से एक सक्रिय हो गए हैं। विरोधियों की आगे क्या भूमिका होगी यह समय के साथ सामने आता जाएगा।
