वेतन भुगतान नहीं होने पर तीन अक्टूबर को सिविल सर्जन कार्यालय का किया जाएगा घेराव: मनोज
देवघर। सोमवार को झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ देवघर के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने सिविल सर्जन देवघर को पत्र लिखकर वेतन भुगतान नहीं होने की स्थिति में 3 अक्टूबर के अपराह्न एक बजे से सिविल सर्जन का घेराव करने की चेतावनी दी है। साथ ही कहा कि वेतन भुगतान होने तक घेराव जारी रहेगा। जिले के 2211 शीर्ष और बॉन्ड सेवा के कर्मचारियों का मार्च 2025 से लंबित वेतन व मानदेय का भुगतान आवंटन उपलब्ध होने के बाद भी नहीं किया गया। तत्कालीन लेखा लिपिक के द्वारा स्थानांतरण के बाद भी 2211 शीर्ष सहित अन्य महत्त्वपूर्ण संचिका प्रति स्थानी को हस्तांतरित नहीं किए जाने के कारण वेतन भुगतान नहीं हो पाया। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। जिसके कारण सर्वसम्मति से आंदोलन का निर्णय लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संदर्भ में सिविल सर्जन को पत्र देने कार्यालय गया तो सिविल कार्यालय बंद पाया। जिलाध्यक्ष श्री मिश्रा ने वेतन से वंचित सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि निर्धारित समय और स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
