पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का सेवा पखवाड़ा प्रारंभ
सांसद डॉ निशिकांत दुबे सहित अन्य ने बाबा मंदिर से शुरू की स्वच्छता मुहीम
देवघर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का सेवा पखवाड़ा अभियान का शुभारंभ बुधवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर से शुरू हुआ। सेवा पखवाड़ा का समापन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर होगा। मौके पर भाजपा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया। भाजपा झारखंड सेवा पखवाड़ा टोली के सदस्य संथाल परगना स्वच्छता प्रभारी संजीव जजवाड़े उपस्थित थे। मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष दिवाकर गुप्ता, राजीव रंजन सिंह, विजया सिंह, पंकज सिंह भदोरिया, अमृत मिश्रा, धनंजय खवाड़े, अलका सोनी, संध्या कुमारी, विनीता पासवान, सचिन सुल्तानिया, हरिकिशोर सिंह, अभय आनंद झा, मुकेश पाठक, कुंदन झा, श्रीराम सिंह चौहान, प्रभाकर शांडिल्य, रमेश राय, मनीष रंजन, राकेश कुमार उपस्थित थे। मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव जजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक गतिशील नेता हैं। वे अपनी दूरदर्शिता और देश के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं। गुजरात के वडनगर में जन्मे मोदी ने आरएसएस से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। वे 2001 से 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान और मेक इन इंडिया जैसी योजनाएं शुरू कीं। आर्थिक सुधार, बुनियादी ढांचे का विकास और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
भाजपा ने घोषणा की है कि 2 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और पौधारोपण शामिल हैं। आपको बता दे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर गोड्डा के सांसद डॉ निशिकांत दुबे बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की। सांसद दुबे ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही साकार हो सकता है।
स्वच्छता अभियान में की भागीदारी
पूजा-अर्चना के बाद सांसद दुबे ने कार्यकर्ताओं संग बाबा मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने खुद झाड़ू लगाकर सफाई की और श्रद्धालुओं व नगरवासियों से अपील की कि मंदिर परिसर और शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सभी सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है।
विपक्ष पर साधा निशाना
पत्रकारों ने जब उनसे विपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री को रिटायर होने की सलाह पर सवाल किया तो सांसद दुबे ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश की 140 करोड़ जनता के दिलों में बसते हैं और 2047 तक विकसित भारत का नेतृत्व उन्हीं के हाथों में रहेगा। विपक्ष लाख कोशिश कर ले, लेकिन जनता के विश्वास को डिगा नहीं सकता।
मोदी के योगदान को बताया ऐतिहासिक
सांसद निशिकांत दुबे ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो काम देश के लिए किए हैं, उनका कोई विकल्प नहीं है। गरीब कल्याण योजनाओं से लेकर आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत पहचान बनाने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक है। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा और देशवासियों के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
