
भारत विकास परिषद देवघर शाखा ने 25 महिला शक्तियों को दिया सिलाई प्रशिक्षण
आज प्रशिक्षण के अंतिम दिन समापन समारोह में सभी को दिया गया प्रमाण पत्र
देवघर। भारत विकास परिषद देवघर शाखा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की नारी सशक्तिकरण की प्रेरणा से उनकी 300वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में स्वावलंबी नारी के दिशा में एक प्रयास करते हुए 25 महिला शक्तियों को मुफ्त महिला सिलाई प्रशिक्षण कराया। स्थानीय मैत्रेय स्कूल के हॉल में 10 दिवसीय इस प्रशिक्षण में महिलाओं को बेसिक सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें घरेलू उपयोग के कपड़ों की कटिंग और सिलाई सिखाया गया। परिषद की सचिव कंचन शेखर सिंह के निर्देशन में वंदना कुमारी ने महिलाओं को प्रशिक्षित किया। ब्यूटी कुमारी, आशा कुमारी प्रसाद, किरण बरनवाल ने प्रशिक्षण में साथ दिया। प्रशिक्षण के समापन करते हुए भारत विकास परिषद देवघर शाखा के अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने कहा कि दस दिनों में इन्हें बेसिक प्रशिक्षण दिया गया है। इसके आगे जिन महिलाओं और युवतियों को एडवांस्ड प्रशिक्षण की जरूरत होगी उन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण दिलाने में भी सहयोग किया जाएगा। साथ ही स्वावलंबन और आर्थिक उपार्जन हेतु अपने घर पर सिलाई केंद्र खोलना चाहेंगी तो उन्हें बैंक से ऋण दिलाने में भी सहायता किया जाएगा। परिषद के वरीय सदस्य प्रशान्त कुमार सिन्हा और राम किशोर सिंह ने महिलाओं से स्वावलंबन बनने हेतु गंभीरता के साथ प्रशिक्षण का फायदा लेने को अनुप्रेरित किया तथा उन्हें ऐसे कई स्वावलंबी महिलाओं का उदाहरण दिया जिन्होंने सिलाई प्रशिक्षण कर अपने घरों में ही कमाई भी कर रही हैं। सचिव कंचन शेखर और विनीता मिश्रा ने प्रशिक्षण के बाद इसे आर्थिक उपार्जन का भी जरिया बनाने के लिए कहा। वहीं प्रशिक्षक वंदना कुमारी ने काफी मेहनत के साथ प्रशिक्षण दिया। सभी प्रशिक्षित नारीशक्ति को प्रमाण पत्र दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एसपी भुईयां बिलास, रंजीत कुमार बरनवाल का योगदान उल्लेखनीय रहा।










