नेपाल के सांसद रहे बिनोद चौधरी व गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने किया नेपाल में नया परिवर्तन होने का दावा
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा सेवा पखवाड़ा के तहत होगा सांसद खेल महोत्सव का आयोजन
देवघर। बुधवार की रात स्थानीय विलियम्स टाउन बीएड कॉलेज के समीप स्थित शिवधाम सांसद आवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75 वें जन्मदिवस पर 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक भाजपा की ओर से संचालित सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न तरह के खेल प्रतियोगिता आयोजित करने को लेकर भाजपा जिला कमेटी की एक बैठक गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ निशिकांत दुबे के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में नेपाल के सांसद व संविधान सभा के सदस्य रहे विनोद चौधरी बैठक में उपस्थित थे। मौके पर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ताओं के समक्ष सांसद डॉ निशिकांत दुबे व विनोद चौधरी ने कहा कि नेपाल परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और नेपाल में एक नया परिवर्तन होने का दावा किया है। नेपाल के सांसद विनोद चौधरी सांसद डॉ निशिकांत दुबे के आग्रह पर बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने उनके साथ देवघर पहुंचे थे और बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद भी लिया। दोनों सांसद बैठक को संबोधित करने के बाद बुधवार रात 9 बजे वायुमार्ग से दिल्ली के लिए प्रस्थान कर गए। बता दें कि नेपाल में हुए आंदोलन की आग में आक्रोशित जनता द्वारा सांसद विनोद चौधरी का घर भी फूंक दिया था। जिसके बाद वह भारत आकर सुरक्षित रह रहे हैं।
सांसद डॉ निशिकांत दुबे कहा: पंडा का सही रोल मैं अदा कर रहा है, यहां जिसे बुलाता हूं उससे कुछ मांग लेता हूं
बैठक में सांसद डॉ निशिकांत दुबे नेपाल के सांसद विनोद चौधरी के दिल्ली आने के बाद एक दूसरे के बीच हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि आज नेपाल परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और वहां नया परिवर्तन देखने को मिलेगा। हम बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करेंगे कि नेपाल में भी मोदी जैसा नेतृत्व मिले। उन्होंने कहा कि आज राजनीतिक बदल रही है और भारत में भी परिवर्तन देखने को मिला है। हम भी परिवर्तन के दौर से गुजरे हैं और आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देवघर के पांडा सही रोल निशिकांत दुबे अदा कर रहा है। यहां जिसे बुलाता है उससे कुछ मांग लेता है। देवघर के पांडा का सही रोल निशिकांत दुबे अदा कर रहा है। उन्होंने नेपाल के सांसद विनोद चौधरी से आग्रह किया कि आप देश दुनिया में बहुत सारे होटल खोल रहे हैं, हम चाहेंगे कि बाबा बैद्यनाथ की नगरी में भी एक ताज होटल हो।
नेपाल में नया परिवर्तन देखने को मिलेगा: विनोद चौधरी
वहीं बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं के समक्ष नेपाल के सांसद रहे विनोद चौधरी ने कहा कि मैं भी वहां संविधान सभा का चुनाव लड़ा और संविधान सभा का सदस्य रहा। वहां हुए आंदोलन के बाद आंदोलन की आग में मेरा भी घर जला दिया गया। जहां तक नेपाल की बात करूं आज नेपाल एक परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और आने वाले समय में नेपाल में नया परिवर्तन देखने को मिलेगा। उन्होंने संसद में डा निशिकांत दुबे के विकास विजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज मैं देवघर एयरपोर्ट, एम्स, सड़क सहित और चीजों को देखा तो मुझे लगा कि यहां का भविष्य सही नेतृत्व में है। उन्होंने कहा कि यह झारखंड का भी भविष्य है। देवघर देवताओं का घर है आज से 35 से 40 साल पहले यहां आया था। आज सांसद निशिकांत दुबे के आमंत्रण पर उनके साथ आया हूं और बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लिया हूं। नेपाल के संविधान सभा में कई ऐसे कानून बने जिस पर आज प्रश्न चिन्ह खड़ा हो रहा है।
सांसद खेल महोत्सव: 25 सितंबर से 25 दिसंबर के बीच संपन्न होगी प्रतियोगिता
सांसद डॉ निशिकांत दुबे के नेतृत्व में बुधवार रात को भाजपा ओलंपिक संघ सहित विभिन्न खेल संगठनों के साथ संपन्न हुई। बैठक में 25 सितंबर से 25 दिसंबर के बीच योगा, एथेलेटिक्स सहित अन्य प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही देवघर में आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव की तैयारी शुरू की रूपरेखा तय की गई। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, समाजसेवी व ओलंपिक संघ के चेयर पर्सन सुनील खवाड़े उर्फ भाई जी, गंगा नारायण सिंह, संजीव जजवाड़े, जिला खेल प्राधिकरण के सचिव आशीष झा, भाजपा जिला महामंत्री अधीरचंद्र भैया, खेल संघ के कोच संजीव झा, भाजपा नेत्री रीता चौरसिया, दिवाकर गुप्ता, डॉ राजीव रंजन, संजय यादव, संतोष पासवान, बबलू पासवान, विपिन मिश्रा, पंकज सिंह भदौरिया, नीतू देवी, अतुल सिंह, आशीष दुबे, धनंजय तिवारी, प्रभाकर शांडिल्य, मनोज मिश्रा, हरि नारायण राय, नवीन शर्मा, कृष्ण कुमार बरनवाल, प्रेमलता बरनवाल, विजया सिंह, संध्या कुमारी, अलका सोनी, प्रेमलता बरनवाल, कुसुम सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
