
स्वतंत्रता दिवस पर नगर निगम द्वारा ध्वजारोहण एवं सम्मान समारोह आयोजित
देवघर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देवघर नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न स्थलों पर ध्वजारोहण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर आयुक्त सह प्रशासक रोहित सिन्हा ने टॉवर चौक, वीआईपी चौक एवं नगर निगम कार्यालय में ध्वजारोहण किया, जबकि उप नगर आयुक्त सगारी बराल ने जसीडीह निगम कार्यालय एवं आचार्य नारायण देव भवन में तिरंगा फहराया। कार्यक्रम की शुरुआत टॉवर चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर नगर आयुक्त द्वारा पुष्पमाल्य अर्पण से हुई। इसके बाद बाबा भीमराव आंबेडकर, वीर कुंवर सिंह, सरदार पटेल, भगवान बिरसा मुंडा सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

इसके उपरांत नगर निगम की टीम नगर आयुक्त के नेतृत्व में केकेएन स्टेडियम पहुंची, जहां ध्वजारोहण एवं परेड समारोह में भाग लिया गया। इस अवसर पर उपायुक्त देवघर ने नगर निगम के उत्कृष्ट कार्यों के लिए निगम कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सिटी मैनेजर प्रकाश मिश्रा, सहायक अभियंता पारस, कनिष्ठ अभियंता सुमन एवं स्वच्छता कार्य में विशेष योगदान के लिए मनीष भारद्वाज शामिल रहे। नगर आयुक्त रोहित सिन्हा ने इस अवसर पर शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से हमें यह आज़ादी मिली है। हमें उनके आदर्शों को अपनाते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और यातायात अनुशासन में सहयोग करें तथा शहर की गरिमा बनाए रखने में भागीदार बनें।











