भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का करीबी देवता पांडेय गिरफ्तार
परित्राण मेडिकल कॉलेज मामले में जलसाजी करने का है आरोप
देवघर। परित्राण मेडिकल कॉलेज जालसाजी मामले में जसीडीह थाना पुलिस ने बुधवार को भाजपा के गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ निशिकांत दुबे के करीबी देवता पांडेय को गिरफ्तार किया। जसीडीह पुलिस फिलहाल जेल भेजने की कार्रवाई में जुटी हुई है और खबर लिखे जाने तक अस्पताल में मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। जिसके बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा और न्यायलय के आदेश पर जेल भेजने के आगे की कार्रवाई होगी। सूत्रों की माने तो आरोपी पांडेय की परेशानी तत्काल खत्म होती नजर नहीं आ रही है। बताया जाता है कि आरोपी पांडेय पर कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग में स्थित फ़लेरिया कोठी मामले में भी आरोपी है और पुलिस के कई बुलावे के बावजूद भी श्री पांडेय कुंडा थाना में उपस्थित नहीं हो सके हैं। अब पुलिस उन्हें कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है। इसके साथ ही नगर थाना क्षेत्र में भी आरोपी पांडेय पर एक भूमि को जालसाजी से लिखाने की चर्चा है। तत्काल इस मामले में संबंधित अधिकारियों ने मीडिया को कुछ नहीं बताया गया है।
