
किसके माथे सजेगा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद का सेहरा, डेढ़ दर्जन दावेदार
देवघर के प्रभारी पर्यवेक्षक मलेंद्र राजन सूची लेकर दिल्ली रवाना, शीघ्र होगी नाम की घोषणा
देवघर। संगठन सृजन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष के चुनाव को लेकर इच्छुक अभ्यर्थी की भागदौड़ तेज हो गई है। किसके माथे देवघर कांग्रेस जिलाध्यक्ष का सेहरा सजेगा यह भविष्य के गर्भ में है। लेकिन संभावना है कि दुर्गा पूजा के दौरान या उसके तुरंत बाद जिला अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद के लिए लगभग डेढ़ दर्जन अभ्यर्थी ने आवेदन दिया है। एआईसीसी और पीसीसी के पर्यवेक्षक देवघर में कैंप कर कार्यकर्ता व नेताओं से रायशुमारी करने के बाद सोमवार को देवघर के प्रभारी पर्यवेक्षक हिमाचल प्रदेश के इंदौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन छह नामों की सूची लेकर दिल्ली रवाना वापस लौट गए। सूत्र बताते हैं कि जिला अध्यक्ष पद के लिए लगभग डेढ़ दर्जन दावेदारों का इंटरव्यू पर्यवेक्षकों ने लिया है। इसके बाद जिलाध्यक्ष के दावेदारों का नाम पार्टी आलाकमान को सौंपा जाएगा। अबतक जिलाध्यक्ष पद के लिए कई दावेदारों के नाम सामने आए हैं। जिसमें प्रो उदय प्रकाश, दिनेशानंद झा, अजय कुमार सिंह, शबाना खातून, बृजभूषण राम, पंजाबी राउत, केदार दास, दीपक सिंह, रवि केसरी, दिनेश मंडल, नागेश्वर सिंह, राजेंद्र दास, संजीव झा, गणेश दास आदि शामिल हैं। एआईसीसी के पर्यवेक्षक मलेंद्र राजन ने पत्रकारों को बताया कि जल्द ही जिला अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। मैं इस बाबत अपनी रिपोर्ट एआईसीसी को सौंप दुंगा। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। वहीं सूत्र बताते हैं कि जिला अध्यक्ष पद के लिए प्रबल दावेदार पूर्व सांसद फुरकान अंसारी की पुत्री सह कांग्रेस की प्रदेश सचिव शबाना खातून, दीपक कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, रवि केसरी, दिनेशानंद झा व नागेश्वर सिंह माने जा रहे हैं। जबकि यह भी तय माना जा रहा है कि गणेश परिक्रमा करने वाले या लंबे समय से कुंडली मारकर जमे पूराने चेहरे की विदाई तय है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद का सेहरा किसके माथे सजेगा यह तो आने वाला समय ही बताएगा। कांग्रेस पर्यवेक्षक व प्रदेश प्रभारी सहित प्रदेश अध्यक्ष ने भी पारदर्शिता के साथ जमीनी स्तर पर जुड़े स्वच्छ छवि वाले संगठनकर्ता व्यक्ति को ही जिला अध्यक्ष पद बनाए जाने की ओर इशारा किया है। फिलहाल कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद को लेकर चौक चौराहों पर तरह-तरह की चर्चा हो रही है।









