
देवघर नगर निगम ने सेवानिवृत्त पर दो सफाई मित्रों को दी विदाई
देवघर। अमूमन यह देखा जाता है कि किसी संस्था या कार्यालय में पदस्थापित अधिकारी, कर्मी को सेवानिवृत्त होने पर समारोह आयोजित कर सम्मान पूर्वक विदाई दी जाती है, यह बहुत कम देखा जाता है कि सफाई मित्र, गार्ड या आदेशपाल जैसे छोटे पद पर पदस्थापित कर्मी को सेवानिवृत्त होने पर समारोह आयोजित कर सम्मान पूर्वक विदाई दी जाती है। लेकिन सोमवार को देवघर नगर निगम के सभागार में यह नजारा देखने को मिला, जहां नगर निगम के दो समर्पित सफाई मित्र गुटर व गायत्री देवी को सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने दोनों को पुष्पगुच्छ एवं सम्मान प्रतीक भेंट कर उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। गुटर और गायत्री देवी ने अपने कार्यकाल में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ नगर निगम की सेवा की है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। विदाई समारोह के दौरान भावुक माहौल भी देखने को मिला। मौके पर नगर निगम परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। मौके पर देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त सह प्रशासक रोहित सिन्हा, उप नगर आयुक्त सागरी फरार, सहायक नगर आयुक्त रंजीत सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।









