
देवघर नगर निगम की ओर से चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान
टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक बुलडोजर से तोड़ी गई कई अवैध दुकानें
सड़क किनारे अवैध तरीके से खड़े वाहनों से वसुला गया जुर्माना
देवघर। गुरुवार को देवघर नगर निगम की ओर से बाबानगरी देवघर में टावर चौक से आजाद चौक होते हुए शिक्षासभा चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान बुलडोजर से कई अवैध संरचना तोड़ी गई। साथ ही सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों से भी जुर्माना वसूला गया। देवघर नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम और देवघर प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन लेकर टावर चौक पहुंची तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नगर निगम ने वैसी दुकानों को चिन्हित कर बुलडोजर से तुड़वाया जो सड़क से सटी हुई अतिक्रमण किया हुआ था। मौके पर नगर निगम के विकास कुमार ने कहा कि टावर चौक शहर का सबसे भीड़भाड़ वाला इलाका है। यहां पर यदि अतिक्रमण किया जाएगा तो निश्चित रूप से जाम की समस्या होगी। उन्होंने कहा कि कई बार नगर निगम और जिला प्रशासन की तरफ से हिदायत दी गई थी, लेकिन लोग बार-बार सड़क के किनारे अवैध रूप से दुकानें लगा लेते हैं। इसे देखते हुए अब यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में दिन में दो बार अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई भी दुकानदार अतिक्रमण कर दुकानदारी करेगा तो उन पर नियम संगत कानूनी कार्रवाई तो होगी ही, साथ ही आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। गुरुवार को टीम ने बुलडोजर के माध्यम से कई दुकानों को ढाह दिया। इस दौरान कई दुकानदारों ने टीम से दुकानें नहीं तोड़ने का आग्रह किया। लेकिन नगर निगम की टीम ने उनकी एक नहीं सुनी और अवैध निर्माण का तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का किया समर्थन
वहीं स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्रवाई का समर्थन किया है। लोगों ने कहा कि यदि जिला प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ निरंतर अभियान चलाते रहे तो टावर चौक से लेकर शिक्षा सभा चौक तक किसी भी तरह के जाम की समस्या उत्पन्न नहीं होगी। लोगों ने कहा कि जिला प्रशासन इस तरह का अभियान कभी-कभार चलाता है। इस कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद रहते हैं।

दुकान वाले अवैध दुकानदारों से वसुलते है नजराना
आज देवघर नगर निगम की ओर से टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक जिस मार्ग में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, उस मार्ग में स्थित स्थायी दुकान वाले दुकानदार उनके दुकान के आगे या सामने अवैध दुकान लगाने वाले दुकानदारों से किराया स्वरूप अवैध तरीके से नजराना वसुलते है। जिससे सड़क का अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों का हौसला बुलंद रहता है।









