

सांसद निशिकांत व मनोज तिवारी सहित चार लोगों पर फिर केस दर्ज, दुबे बोले: कल सीधे थाना जाऊंगा
देवघर। शुक्रवार को सांसद निशिकांत दुबे के एक एक्स पोस्ट से झारखंड की सियासत में हलचल मच गई है। लोकसभा के फायरब्रांड भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पर देवघर में फिर एक और केस दर्ज हो गया है। इस बार शिकायती पर्चा दर्ज कराया गया है। आदित्य वाहिनी के झारखंड प्रदेश महामंत्री सह पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पूर्व महामंत्री कार्तिकनाथ ठाकुर ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर थाने में लिखित आवेदन दिया। इस मामले में मनोज तिवारी मृदुल समेत अन्य चार लोगों के नाम भी शामिल हैं। एफआईआर में उपरोक्त दोनों सांसद के अलावा सांसद मनोज तिवारी मृदुल के सचिव व स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता अभयानंद झा का नाम शामिल है। जैसे ही केस की खबर आई, निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर राजनीतिक पारा और चढ़ा दिया। उन्होंने लिखा कल सुबह मैं दिल्ली से देवघर आऊंगा और सीधे पुलिस थाने जाऊंगा। झारखंड सरकार ने अभी तक 51 केस दर्ज किए हैं, आज का केस पूजा बाबा मंदिर में क्यों किया इस पर है, गिरफ़्तारी दूंगा। यह पहली बार नहीं है जब निशिकांत दुबे पर केस दर्ज हुआ हो। खुद सांसद के मुताबिक, उन पर पहले से ही दर्जनों मामले दर्ज हैं, लेकिन इस बार मामला धार्मिक स्थल से जुड़ा होने के कारण राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है। देवघर में यह मामला अब सियासी बनाम धार्मिक विवाद का रूप लेता दिख रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि कल जब निशिकांत दुबे थाने पहुंचेंगे, तो वहां का माहौल कैसा होगा। गिरफ्तारी होगी या सियासी ड्रामा अपने चरम पर रहेगा।









