
झारखंड भाजपा को जल्द मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष
राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष पार्टी नेताओं के साथ कर चुके हैं मंथन
अध्यक्ष पद को लेकर तीन प्रमुख नामों में रघुवर, अर्जुन व चंपाई की तेजी से हो रही है चर्चा
आधा दर्जन से अधिक नामों में अब हजारीबाग के सांसद मनीष जयसवाल सहित कुछ अन्य नाम की भी हो रही है चर्चा
रांची से लेकर दिल्ली दरबार तक हो रही है लाबिंग, कई सांसद व विधायक लाबिंग में शामिल
सुनील झा
देवघर। झारखंड भाजपा संगठन को मजबूत करने के लिए सांगठनिक स्तर पर फेरबदल किए जाने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भाजपा विधायक सह पूर्व सीएम बाबुलाल मरांडी को बीते 7 मार्च को पार्टी विधायक दल का नेता चुनकर विपक्ष का नेता बनाया था। फिलहाल वह प्रदेश अध्यक्ष पद के कार्यकाल का दो वर्ष पूर्ण कर चुके हैं। बाबूलाल मरांडी के नेता विपक्ष बनते ही कयास लगाया जा रहा था कि भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष शीघ्र मिलेगा। लेकिन अब तक यह संभव नहीं हो पाया है। इस बीच मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश सहित कुछ अन्य राज्यों में नये प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के साथ अब झारखंड भाजपा को भी नया प्रदेश अध्यक्ष जल्द मिलने की चर्चा तेज हो गई।

प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर रांची से दिल्ली तक बैठकें हो रही है। इसको लेकर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष भी पार्टी नेताओं के साथ मंथन कर चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष पद का नाम लगभग तय कर रहे हैं। बता दें कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष शिक्षक से इस्तीफा देकर राजनीति में कदम रखने वाले पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी के पास पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व सीएम सहित लंबा राजनीतिक अनुभव है, जो अब विधानसभा में पार्टी का आवाज बुलंद करने काम करेंगे। उन्हें पिछले 7 मार्च को ही झारखंड विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाया गया है। अब एक बार फिर अब नये प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जिसमें पूर्व सीएम रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन के नामों की चर्चा तेजी हो रही है। लेकिन भाजपा की यह आदत रही है कि जिन नामों की चर्चा तेज रहती भाजपा उसके उलट चौंकाने वाला काम करती है और किसी तुरूप के इक्के को सामने ला देती है।

उक्त तीनों नामों के अध्यक्ष पद के लिए कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र राय, प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहु, प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा, प्रदेश सदस्यता प्रभारी राकेश प्रसाद, पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी, अनंत ओझा के नामों की चर्चा होने के बाद अब इसमें हाजारीबाग के सांसद मनीष जयसवाल के नाम की भी चर्चा अचानक तेजी हो रही है। वैसे बालमुकुंद सहाय सहित कुछ और नाम चर्चा में शामिल हो जाए तो कोई आश्चर्य नहीं है। इनमें से प्रदेश अध्यक्ष का ताज किसके माथे सजेगा यह तो आने वाले समय में सबों के सामने होगा। लेकिन सूत्रों का कहना है कि आदिवासी व ओबीसी मतदाताओं को रिझाने के लिए इन्हीं कोई एक समुदाय से नया प्रदेश अध्यक्ष दे। वैसे स्वर्ण जाती की नाराजगी भी पार्टी मोल लेना नहीं चाहता है। वैसे राज्यपाल पद से इस्तीफा देकर सक्रिय राजनीति में आने के समय से ही रघुवर दास के नाम की चर्चा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए हो रहा है।

इसको लेकर रांची से दिल्ली दरबार तक इच्छुक लोगों द्वारा लाबिंग की जा रही है। वैसे धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो व हजारीबाग के सांसद मनीष जयसवाल पिछले दिनों दिल्ली का दौरा कर चुके हैं। बताया जाता है कि दोनों सांसद ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह आदि नेताओं से मिले और इस बाबत मंत्रणा की है। भाजपा की ओर से अब नया प्रदेश अध्यक्ष किसे बनाया जाता है यह तो आने वाले समय ही बताएगा। फिलहाल कयासों का दौर जारी है।










