
विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर निगम क्षेत्र में वूमेन फॉर ट्री अभियान का दूसरा चरण प्रारंभ
पौधारोपण हेतु सात चिन्हित स्थलों पर 5 जून से 31 अगस्त तक पांच सौ पौधा लगाने का लक्ष्य
देवघर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अमृत योजना के अंतर्गत वूमेन फॉर ट्री एक पेड़ मां के नाम अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ आज मोहनपुर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), रामपुर परिसर में नगर आयुक्त द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे। इस पर्यावरणीय पहल के तहत पूरे देवघर नगर निगम क्षेत्र में 7 स्थानों को पौधारोपण हेतु चिन्हित किया गया है। अभियान के द्वितीय चरण में 5 जून से 31 अगस्त तक इन चयनित स्थलों पर कुल 500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन पौधों के रख-रखाव की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सौंपी गई है, जो आगामी तीन वर्षों तक इन पेड़ों की देखभाल करेंगी। इसमें पौधों को पानी देना, खाद डालना, तथा समय-समय पर निगरानी करना शामिल है। प्रत्येक स्थल पर एक स्वयं सहायता समूह को यह कार्य सौंपा गया है, जिससे सात स्थलों पर सात समूह कार्यरत रहेंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक, टाउन प्लानर, लेखा पदाधिकारी, सहायक अभियंता, गार्डन अधीक्षक, सामुदायिक संगठनकर्ता एवं जूड़को के प्रतिनिधि मौजूद थे। देवघर नगर निगम की यह पहल न केवल हरित शहर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि महिलाओं की भागीदारी के माध्यम से सामाजिक सशक्तिकरण का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।










