
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शिवगंगा में सामूहिक श्रमदान कर देवघर नगर निगम ने दिया स्वच्छता का संदेश
देवघर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गुरुवार को देवघर नगर निगम की ओर से एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, सामुदायिक संगठन और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एकजुट होकर शिवगंगा परिसर स्थित नेहरू पार्क के पास कांवर एवं विर्सजित प्रतिमा के आवेश की सफाई की। इस श्रमदान ने न केवल आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाया बल्कि शहरवासियों को भी साफ-सफाई के प्रति जागरूक होने का प्रेरक संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर आयुक्त के नेतृत्व में हुआ। मौके पर सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार, नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास, नगर प्रबंधक प्रकाश कुमार मिश्रा, सभी कनीय अभियंता, रेवेन्यू इंस्पेक्टर, सभी सेनेटरी इंस्पेक्टर, रोड कुली, डेएनयूएलएम से जुड़े सामुदायिक संगठनकर्ता, सीआरपी तथा निगम के सहयोगी दल शामिल हुए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने विशेष रूप से श्रमदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सफाई करते हुए नगर को स्वच्छ और आकर्षक रूप दिया गया।

श्रमदान में शामिल अधिकारियों और समूहों ने झाड़ू, फावड़ा, ट्रॉली व अन्य उपकरणों का प्रयोग कर सफाई कार्य किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि यह सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम का उद्देश्य है कि देवघर स्वच्छ और स्वस्थ शहर बने। इसके लिए हमें नियमित रूप से श्रमदान और जनजागरूकता कार्यक्रम करते रहना होगा। मौके पर सहायक नगर आयुक्त ने भी लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों और आसपास के इलाकों को साफ रखें, गंदगी को खुले में न फेंके और नगर निगम की सफाई व्यवस्था में सहयोग करें। सामूहिक श्रमदान के इस अभियान ने न केवल शिवगंगा को नया स्वरूप दिया बल्कि यह संदेश भी दिया कि स्वच्छ देवघर–स्वस्थ देवघर का सपना सभी की भागीदारी से ही साकार होगा।









