
राणी सती दादी माता सेवा ट्रस्ट झुंझनू धाम बंपास टाउन में भादो महोत्सव का आयोजन
तीन सौ से अधिक महिलाओं ने किया सामुहिक मंगल पाठ
देवघर। शनिवार को भादो महोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन स्थानीय राणी सती दादी माता मन्दिर में मेनेजिंग ट्रस्टी राम निरंजन झुनझुनवाला एवं चन्दा देवी झुनझुनवाला की उपस्थिति में प्रातः जात-धोक एवं पूजन कार्य सम्पन्न हुआ। प्रातः आठ बजे से अपराह्न 2 बजे तक स्थानीय भक्तों ने सुमधुर भजनों द्वारा श्रोताओं का मन मोह लिया। अपराह्न 2 बजे सवामनी भोग लगाया गया। तत्पश्चात कोलकाता से आई उमा बागड़ी के साथ तीन सौ से अधिक महिलाओं ने सामुहिक मंगल पाठ किया। दादी माता को भाव नृत्य के साथ चुनरी ओढ़ाई गई व छप्पन भोग लगाया गया।मौके पर प्रबंध न्यासी राम निरंजन झुनझुनवाला ने ट्रस्ट द्वारा किये जा रहे जन सेवा कार्यक्रमों का दायरा बढ़ाने की बात कही। उन्होंने भादो महोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने में नारी शक्ति की भूमिका की मुक्त कंठ से सराहना की। रात्री 8 बजे के उपरान्त आरती एवं सवामनी भंडारे के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। उक्त जानकारी प्रबंध समिति के अध्यक्ष कमलेश तुलस्यान ने दी।









