
ब्रह्मा कुमारी द्वारा मीडिया बंधुओं के साथ मनाया गया रक्षाबंधन का त्यौहार
देवघर। बुधवार को ब्रह्मा कुमारी देवघर के स्थानीय सेवा केंद्र आनंद भवन में मीडिया बंधुओं के साथ रक्षाबंधन त्यौहार मनाया गया। केन्द्र संचालिका रीता दीदी ने रक्षाबन्धन का आध्यात्मिक रहस्य बताते हुए कहा कि हम बच्चे अभी पावन बनने की प्रतिज्ञा करते हैं। उसका ही यादगार यह बाखी बंधन है। पहले ब्राह्मण लोग जाकर राखी बांधते थे, वास्तव में यह अभी की बात है। हम परम पिता परमात्मा से प्रतिज्ञा करते हैं कि हम कभी विकार में नहीं जाएंगे और पवित्र बन कर आने वाले सतयुगी विश्व का मालिक बनेंगे। पौलिमी बहन ने आज के समय में मीडिया के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आज के समय में मीडिया का स्थान अति महत्वपूर्ण है। इसलिये उनकी जिम्मेवारी भी अधिक बढ़ जाती है. इसके पश्चात् रीता दीदी द्वारा मीडिया बंधुओं को आत्मस्मृति का तिलक लगाया गया एवं पवित्रता के प्रतीक स्वरूप राखी बांधी गई एवं मुख मीठा कराया गया। मीडिया बंधुओं को परमात्मा की स्मृतिस्वरूप उपहार दिये गये। आगामी चार दिनों तक रक्षाबंधन का कार्यक्रम ब्रह्माकुमारीज द्वारा मनाया जाएगा। कार्यक्रम संचालन सत्नारायण भाई ने किया। इसके अलावा सुनील भाई, श्रवण भाई, बिरजू भाई, मनीष भाई, मेघा बहन, पूनम बहन, सीमा बहन एवं अन्य उपस्थित रहें।









