
विश्व पर्यावरण दिवस पर सरकारी व गैर-सरकारी संस्था द्वारा जिले में चलाया गया स्वच्छता, पौधारोपण और प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान
उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने समाहरणालय परिसर में किया पौधरोपण
अजय, डढ़वा, पतरो नदी तट की गई सफाई, आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रतियोगिता का आयोजन
देवघर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून गुरुवार को सरकारी व गैर-सरकारी संस्था द्वारा स्वच्छता अभियान चलाए जाने के साथ प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान व पौधारोपण किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने समाहरणालय परिसर में पौधरोपण किया। इसके अलावा देवघर नगर निगम की ओर से डढ़वा नदी तट सफाई करने के साथ शहर में विशेष स्वच्छता अभियान व चिन्हित स्थलों पर पौधारोपण किया गया। वहीं सारवां, सोनारायठाढ़ी, देवघर, मोहनपुर, सारठ, पालोजोरी, देवीपुर, मधुपुर, मारगोमुंडा, करौ प्रखंड क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाए जाने के साथ अजय, पतरो, डढ़वा नदी तट की सफाई व आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न प्रकार के प्रतियोगिता का आयोजन प्रशासन की ओर से किया गया।

इसी क्रम में नरेंद्र मोदी विकास मिशन, झारखंड कुर्मी महासभा, देवघर डेंटल की ओर से प्रसिद्ध दंत चिकित्सक सह भाजपा नेता डॉ राजीव रंजन के नेतृत्व में बिहार के जमुई जिले के माधोपुर व देवघर के तपोवन क्षेत्र में स्वच्छता अभियान जलाकर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं भारत विकास परिषद देवघर शाखा के सदस्यों ने हदहदिया पुल के निकट जलसार पार्क के वॉकिंग पाथ के मुख्य गेट के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके पश्चात पर्यावरण दिवस 2025 के थीम वैश्विक स्तर पर प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना पर जागरूकता फैलाते हुए तिवारी चौक में पॉलिथीन में सब्जी खरीद रहे लोगों को कपड़े का कैरीबैग वितरित किया गया। प्लास्टिक छोड़ने की जागरूकता के लिए सांकेतिक रूप से लगभग 250 लोगों को कैरीबैग वितरित किया गया।

कार्यक्रम के तीसरे चरण में परिषद के द्वारा जलसार चिल्ड्रेन पार्क में 40 रंग-बिरंगे फूल के पौधे लगाए गए। पर्यावरण दिवस के इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पौधे और वृक्ष लगाने और लोगों और विभिन्न संस्थाओं को पौधा उपलब्ध कराने के शौकीन के रूप में प्रसिद्ध डॉ एससी नायक थे। मौके पर परिषद के उत्तर झारखंड प्रांत के महासचिव प्रकाश चन्द्र सिंह की उपस्थिति में शाखा के अध्यक्ष आलोक मल्लिक, सचिव कंचन शेखर सिंह, वित्तसचिव एसपी भुईयां बिलास, उपाध्यक्ष अभय कुमार, पर्यावरण संयोजक प्रशांत कुमार सिन्हा, रंजीत बरनवाल, रामकिशोर सिंह, आशा प्रसाद, किरण बरनवाल, कंचन मूर्ति साह सहित कुछ सफाईकर्मी मौजूद थे।










