
सारवां थाना क्षेत्र के बनियाडीह गांव में 12 वर्षीय किशोर की हत्या मामले में चढ़ रहा है सियासी पारा
सबसे बड़ा सवाल: नेताओं की आवाजाही से न्याय और शोकाकुल परिवार का दु:ख कम होगा?
स्थानीय नेताओं के बनियाडीह गांव मृतक मनीष के घर पहुंचने का सिलसिला जारी, अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश व प्रदीप बालमुचू के आने की चर्चा
देवघर। जिले के सारवां प्रखंड के कुशमाहा पंचायत के बनियाडीह में सुरेंद्र दास के 12 वर्षीय पुत्र मनीष उर्फ मनसुवा दास की हत्या कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आने के बाद इस मामले में सियासी पारा चढ़ने लगा है। सभी इस जघन्य हत्याकांड की निंदा कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। इस मामले को लेकर अब तक स्थानीय कई नेता व जनप्रतिनिधि के गांव पहुंचने का सिलसिला जारी है। जिनमें महिला नेत्री निर्मला भारती, कांग्रेस नेता मुनम संजय व मंत्री हफीजुल हसन के निर्देश पर झामुमो जिला अध्यक्ष संजय शर्मा, जिप सदस्य के पति संजय राय, भाजपा के चिरंजीवी यादव, मुखिया खुशबू देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नेता व कार्यकर्ताओं के साथ मृतक मनीष के घर पहुंच कर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देकर न्याय की मांग कर रहे हैं। अब इस मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश व पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू के बनियाडीह गांव आने की चर्चा हो रही है, इस सियासी पारा को और गर्म कर देगा। मामले को लेकर कोई एसपी अजीत पीटर डूंगडूंग से मिल रहा है तो कोई मुख्यमंत्री व उच्चाधिकारियों से बात कर न्याय दिलाने का आश्वासन दे रहे हैं। जबकि सारवां थाना पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। केश डायरी व सबूतों के आधार पर दोषी को सजा देना कोर्ट का काम है। अब सवाल उठता है कि पुलिस अपना काम कर रही है तो राजनीतिक दलों के शोक संतप्त परिजनों को आश्वासन के अलावा कोई ऐसा काम क्यों नहीं करते हैं कि जिससे शोकाकुल गरीब परिवार को पुत्र खोने का गम कुछ कम हो जाए और उनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार हो। पुलिस अपना काम कर रही है तो इस मामले में सियासी रंग दिया जाना कहा तक उचित है। जबकि हर कोई इस जघन्य कृत्य की निंदा कर रहे हैं। क्या ऐसे राजनीतिक दलों के नेताओं की आवाजाही से मामले में न्याय और शोकाकुल परिवार का दु:ख कम होगा? यह आज समाज के सामने सबसे बड़ा सवाल है।

मृतक के घर लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी, गांव में दो चौकीदार प्रतिनियुक्त
इस घटना को लेकर गुरुवार को बनियाडीह गांव मृतक के घर लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है और सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस प्रशासन की ओर से पहले तीन चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति की गई थी और उसे घटाकर दो कर दी गई है। लोग देवघर के पुलिस कप्तान अजीत पीटर डूंगडूंग से उनके मुलाकात कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोगों व आरोपियों के परिजनों द्वारा शोकाकुल परिवार को धमकी दी जा रही है और मृत मनीष दास की मां के साथ मारपीट भी की है। बता दें कि घटना के बाद पोस्टमार्टम हुए शव को आक्रोशित लोगों ने सड़क पर रखकर देवघर सारवां मार्ग को जाम कर दिया था। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस प्रशासन व टीम बादल के प्रयास से तीन घंटे बाद जाम हटाया जा सका था। आरोप है कि गांव के कुंदन सिंह, लोधा सिंह व कारू सिंह ने मनीष दास की हत्या की है। सारवां थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कहा जा रहा है कि पूर्व में आरोपियों द्वारा मृत मनीष दास के पिता सुरेन्द्र दास को गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ झूठी गवाही देने के लिए कहा था, जिससे इंकार करने पर ही घटना को अंजाम दिया गया है। सच्चाई चाहे जो कुछ भी हो न्याय करना और सजा देना तो का काम है।







