देवघर वन प्रमंडल द्वारा आयोजित वन्यप्राणी सप्ताह का समापन समारोह संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवघर वन प्रमंडल द्वारा आयोजित वन्यप्राणी सप्ताह का समापन समारोह संपन्न 

संत मैरी बालिका उच्च विद्यालय में डीएफओ ने पौधारोपण कर हरियाली का संदेश 

देवघर। देवघर वन प्रमंडल के तत्वावधान में वन्यप्राणी सप्ताह का समापन समारोह संत मैरी बालिका उच्च विद्यालय देवघर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आदिवासी संस्कृति पर आधारित स्वागत नृत्य से हुआ। जिसने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक भूषण द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर हरियाली और संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान कृष्णानंद तिवारी, एसबीओ ने वन्यप्राणी सप्ताह के उद्देश्य और गतिविधियों पर संक्षिप्त जानकारी दी। इसके बाद छात्राओं ने वन बचाओ, वन्य जीव बचाओ थीम पर एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी। छोटे बच्चों द्वारा एनिमल किंगडम पर आधारित मुखौटा नृत्य विशेष रूप से सराहा गया।

पक्षी और वन्यजीव हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का अभिन्न अंग: रजत मुखर्जी

प्रख्यात पर्यावरणविद् रजत मुखर्जी ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि प्रकृति के हर जीव का अपना महत्व है। पक्षी और वन्यजीव हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का अभिन्न अंग हैं। हमें उनके प्रति संवेदनशील होकर उनके आवास और भोजन की रक्षा करनी चाहिए।

वन्यप्राणी एवं पर्यावरण संरक्षण पर क्विज प्रतियोगिता

एसबीओ राजीव रंजन द्वारा बच्चों के बीच वन्यप्राणी एवं पर्यावरण संरक्षण पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विगत सप्ताह आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

वन संरक्षण के साथ वन्यजीव संरक्षण भी आवश्यक: डीएफओ 

डीएफओ अभिषेक भूषण ने कहा कि वन संरक्षण के साथ वन्यजीव संरक्षण भी आवश्यक है। आहार श्रृंखला की स्थिरता के लिए हर प्राणी का अस्तित्व महत्वपूर्ण है। जैसे गिद्ध की संख्या में कमी हमारे पारिस्थितिक संतुलन के लिए खतरा बन रही है। वैसे ही अन्य वन्यजीवों का संरक्षण भी आवश्यक है। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन वन क्षेत्र पदाधिकारी एसडी सिंह ने किया। उन्होंने विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सभी सहयोगी वनकर्मियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।

Baba Wani
Author: Baba Wani

Leave a Comment

और पढ़ें