
झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा ने राज्य सरकार पर लगाया आरोप
सरकार पिछड़ी जाति को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के वादे से मुकर रही है: ध्रुव प्रसाद साह
देवघर। झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के मंडल कमेटी की बैठक स्थानीय बरनवाल धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजकुमार बरनवाल ने की। मौके पर अध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी ने झारखंड सरकार पर हमला करते हुए कहा कि चुनाव के वक्त वर्तमान सरकार ने कहा था कि पिछड़ी जाति को हमारी सरकार बनने पर 27 प्रतिशत आरक्षण देंगे, लेकिन अब वह अपने वादों से मुकर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में ओबीसी आरक्षण पर मुद्दे पर सत्ताधारी दल दोहरी नीति अपना रही है। संयुक्त बिहार के समय पिछड़ी जाति को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा था। केंद्रीय सचिव ध्रुव प्रसाद साह ने कहा कि सरकार के अधिकारी ट्रिपल टेस्ट के सवाल पर न्यायालय को गुमराह कर रही है, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की उप राजधानी दुमका में खुले मंच से घोषणा किया था यदि उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो राज्य में पिछड़ी जाति को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। लेकिन अब तक अपने वादों को पूरा नहीं कर रही है। वर्तमान सरकार के साथ शामिल राष्ट्रीय जनता दल और संविधान की दुहाई देने वाले कांग्रेस पार्टी भी पिछड़ी जाती को धोखा दे रही है। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय चुनाव के लिए ट्रिपल टेस्ट कराया जा चुका है। आधे से अधिक नगर निगम, परिषद और पंचायत में ओबीसी की आबादी 50 प्रतिशत से अधिक है फिर भी उच्च न्यायालय को भ्रमित किया जा रहा है। ओबीसी को अपने हक अधिकार से वंचित करने के लिए जमीनी आंकड़े को जानबूझकर छुपाया जा रहा है। उपरोक्त मामले को लेकर झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की कोर कमेटी की रांची में आयोजित बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहू ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा था यदि यही स्थिति रही तो वैश्य मोर्चा हाई कोर्ट में सारे सबूत और आंकड़े कोर्ट के समक्ष रखेगा। साथ ही मोर्चा के द्वारा जल्द ही मुख्यमंत्री और राज्य पीछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष को मांग पत्र सौंपेगा। प्रमंडलीय अध्यक्ष ने बैठक में उपस्थित सदस्य से अपील करते हुए कहा कि आगामी 12 अक्टूबर को झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की सातवीं स्थापना दिवस रांची में धूमधाम से मनाया जायेगा। स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए संथाल परगना प्रमंडल से काफी संख्या में पदाधिकारी सदस्य और समाज के लोग एकजुट होंगे। बैठक में प्रमंडल के उपाध्यक्ष विष्णु मंडल, प्रमंडल के प्रधान सचिव राजेंद्र केसरी, केन्द्रीय सचिव ध्रुव प्रसाद साह, जितेंद्र कुमार, ललन कुमार, पंकज कुमार, राजेश सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।









