
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद डॉ निशिकांत दुबे को लिखे पत्र में दी जानकारी
देवघर। उत्तर वाहिनी गंगा सुल्तानगंज से बाबानगरी देवघर को जोड़ने के लिए रेल परियोजना का विस्तार कार्य आगे बढ़ रहा है। उक्त जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ निशिकांत दुबे को लिखे गए पत्र में दी है। इस बाबत सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने अपने फेसबुक अकाउंट में जिक्र करते हुए कहा है कि अंग प्रदेश विशेषकर गोड्डा लोकसभा और संथालपरगना की ऐतिहासिक, बहुप्रतीक्षित और जनकल्याणकारी रेल परियोजना को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार कर क्षेत्र को नव-विकास की स्वर्णिम सौगात दी है। इस महत्त्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बिहार के ऊर्जावान एवं कर्मठ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई तथा ईमानदार और दूरदर्शी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को अंग प्रदेश की जनता की ओर से अभिनंदन। बता दें कि इस स्वप्न को साकार करने में गोड्डा के सांसद डॉ निशिकांत दुबे की अथक मेहनत, अदम्य संकल्प और जनसमर्पित नेतृत्व की भूमिका अविस्मरणीय है। उत्तरवाहिनी सुलतानगंज से गंगाजल सीधे बाबा बैद्यनाथ के चरणों में यह परियोजना क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और समृद्धि का अद्भुत संगम है।











