
महिलाए वृक्षों के लिए अभियान का शुभारंभ
नगर निगम क्षेत्र के सात चिन्हित स्थलों में एसएचजी की महिलाए करेंगी पौधारोपण व देखभाल
सहायक नगर आयुक्त रंजीत सिंह की अगुवाई में किया गया स्थल निरीक्षण
एसएचजी की महिलाओं के बीच बांटे गए बैग, नोटबुक, कलम, छाता, जैकेट, पानी बोतल एवं पहचान पत्र सहित अन्य सामग्रियां
देवघर। पीएम नरेंद्र मोदी शुरू किए गए एक पेड़ मां के नाम महत्वाकांक्षी अभियान के तहत केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा शुरू की गई अमरूत मित्रा पहल के तहत देवघर नगर निगम की ओर से शुक्रवार को नगर निगम क्षेत्र में महिलाएं वृक्ष के लिए अभियान का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय रूप से शामिल करना है। इस अभियान के तहत देवघर नगर निगम क्षेत्र में सात स्थलों को चिन्हित किया गया है, जहां एसएचजी की महिलाए पौधारोपण और पौधों की देखभाल करेंगी। इन स्थलों पर नोडल ऑफसर सहायक नगर आयुक्त रंजीत सिंह की अगुवाई में स्थल निरीक्षण किया गया ताकि पौधरोपण कार्य को सुचारू रूप से अंजाम दिया जा सके। इस बाबत जानकारी देते हुए सहायक नगर आयुक्त रंजीत सिंह ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के चिन्हित स्थल और संबंधित एसएचजी समूह में बत्तीसी तैंतीसी पार्क में राधेश्याम स्वयं सहायता समूह, रामपुर पीएमएवाई शहरी में रामेश्वरम स्वयं सहायता समूह, सेप्टेज प्रबंधन प्लांट में गुड़िया स्वयं सहायता समूह, बसुआडीह में आस्था स्वयं सहायता समूह, रोहिणी पार्क में सरस्वती स्वयं सहायता समूह, घनघौर तालाब में साकार स्वयं सहायता समूह, कुंडा बड़का बांध तालाब में मां शीतला स्वयं सहायता समूह को आवंटित किया गया है। इस दौरान एसएचजी की महिलाओं को बैग, नोटबुक, कलम, छाता, जैकेट, पानी बोतल एवं पहचान पत्र जैसे आवश्यक सामग्रियां प्रदान की गईं।

साथ ही उन्हें एक पेड़ मां के नाम स्लोगन के तहत पौधारोपण के लिए प्रेरित किया गया, ताकि शहरी क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाई जा सके और पर्यावरण को संरक्षित किया जा सके। अभियान के तीन चरण निर्धारित किए गए हैं। जिसमें प्रथम चरण 21से 23 मई तक स्थल निरीक्षण और एसएचजी की महिलाओं को कार्यस्थल से परिचित कराना। द्वितीय चरण 5 जून से 31 अगस्त तक विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कार्य का शुभारंभ। तृतीय चरण 1 से 2 वर्ष तक लगे हुए पौधों की निरंतर निगरानी और देखभाल। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर मिशन प्रबंधक कौशल किशोर, अर्बन प्लानर मंजू कुमारी, सहायक नगर निवेशक नीलिमा मांझी, गार्डन अधीक्षक अभिषेक कुमार, सभी सामुदायिक संगठनकर्ता, महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाए और सभी कनीय अभियंताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।








