
शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी दिल्ली रवाना
देवघर। झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी शनिवार को देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। उन्होंने आज दोपहर में देवघर एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ा और कलकत्ता होते दिल्ली गए। दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि बहुत दुख की बात है कि राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन जो हमारे परम मित्र एवं साथी भी हैं। गरीबों की आवाज, हमेशा गरीबों को मदद करने वाले जो सदन में हम लोग एक साथ बैठते हैं। आज सुबह बाथरूम में गिरने के कारण ब्रेन स्ट्रोक आया है। आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया और हम लोग भी सुबह से लगे हुए हैं। सारे डॉक्टर्स की टीम ने देखा और सीटी स्कैन किया। रिपोर्ट से मालूम हुआ कि ब्रेन में ब्लड क्लोट कर गया है, खून जम गया है। सारे डॉक्टरों की राय ली गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनको जल्द दिल्ली लेकर आओ तो हम लोगों ने एयरलिफ्ट करा कर उन्हें दिल्ली ले गए। दिल्ली अपोलो में उनका इलाज डॉक्टरों की टीम कर रही है। झारखंड के डॉक्टर को भी दिल्ली भेजा गया है। चेन्नई से डॉक्टर आए हैं, एम्स के डॉक्टर के साथ पूरी टीम लगी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री हमारे मित्र हैं, हमारे साथी मंत्री हैं और वह बीमार हैं, तो मेरा दायित्व बनता है कि मैं वहां जाऊं। इसलिए सारा काम छोड़कर मैं उन्हें देखने उनके लिए अच्छी चिकित्सीय सुविधा और बेहतर इलाज के लिए दिल्ली जा रहा हूं। मैं झारखंड की तमाम जनता से अपील करता हूं कि वो जल्द स्वस्थ्य हों इसके लिए दुआ करें। बाबा भोलेनाथ से, मरांग बुरू से और अल्लाह ताला से भी कामना करता हूं कि उन्हें जल्द स्वस्थ करें और हम लोग जल्द ही उनको सकुशल यहां लेकर आए। इस दौरान देवघर एयरपोर्ट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ मुन्नम संजय, कांग्रेस के प्रदेश सचिव फैयाज केशर एवं जिला महासचिव सह प्रवक्ता दिनेश कुमार मंडल भी मौजूद थे। इधर देवघर जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रो उदय प्रकाश के साथ सभी नेताओं,पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। सबों ने ईश्वर से प्रार्थना किया है कि शिक्षा मंत्री जल्द स्वस्थ होकर हम सबों के बीच आए।









