
महामना पं. शिवराम झा की 46वीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि
देवघर। आज गुरुवार (गुरू पूर्णिमा) को महान स्वतंत्रता सेनानी, महिला उत्थान के प्रणेता, पंडा धर्मरक्षिणी सभा, मातृ मंदिर सहित कई शिक्षण संस्थानों के संस्थापक महामना पं शिवराम झा की 46वीं पुण्यतिथि पर उन्हें उनके परिवार के सदस्यों द्वारा पं शिवराम झा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में समाजसेवी सुशोभित झा, मीना झा, सुप्रिया झा, ऋषिका झा, अन्वी शिवराम, प्रियंका प्रीतम सहित कई अन्य शामिल हैं। ज्ञात हो कि देवघर के परंपरावादी धर्मभीरू तीर्थपुरोहित समाज में जन्मे शिवरामजी का पूरा जीवन दर्शन ही अनुकरणीय है। तीर्थ पुरोहित परिवार से होने के बाद भी इन्होंने पारंपरिक वृत्ति को नहीं अपनाया। लेकिन देवघर समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों में इनकी बराबरी में कोई नहीं ठहरता है। देवघर के सेठ-साहूकारों एवं बंगाली जमींदारों को देवघर में उचित शिक्षा हेतु संस्थानों का निर्माण करने के लिए जागृत करने का काम पंडितजी ने किया था। आरंभ के दिन इनके लिए भी बड़े कठिन थे किंतु ये उन लोगों में थे जिन्होंने चरैवेति को मूल मंत्र बनाया और कर्म करते रहे। देवघर हाई इंग्लिश स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही ये कांग्रेस की गतिविधियों से जुड़ गए। उम्र का असर यह था कि किशोरावस्था में ये विप्लवियों से जुड़ गए, बाद में हिंसा के जरिये स्वतंत्रता प्राप्त करने के तरीके से इनका मोहभंग हो गया। आज का आर मित्रा हायर सेकेंड्री विद्यालय तब देवघर हाई इंग्लिश स्कूल के नाम से ही जाना जाता था। इस विद्यालय से जुड़े शिक्षकों का अंग्रेजी व्यवस्था विरोधी होने के किस्से जगजाहिर हैं।








