
सदर अस्पताल के सेवानिवृत्त कर्मी मृत्युंजय पांडेय को सिविल सर्जन सहित अन्य ने सम्मान के साथ दी विदाई
काजल की कोठरी में लंबे समय रहकर बेदाग निकले मृत्युंजय पांडेय: मनोज
देवघर। सदर अस्पताल देवघर में कार्यरत मृत्युंजय पांडेय के सेवानिवृत्त होने पर सोमवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित किया गया। जिसमें सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी, उपाधीक्षक डॉक्टर प्रभात रंजन, प्रशासनिक प्रभारी डॉ शरद कुमार, डॉ रवि रंजन, डॉ रवि कुमार, डॉ एके दा, डॉ रोहन मुकुल, डॉ निवेदिता, डा नताशा सहित झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र, संयुक्त सचिव संजीव मिश्र, अस्पताल प्रबंधक एनिमेस घोष, विजय सिंह, रीना कुमारी के अलावा अरुणानंद झा, सौमित चक्रवर्ती, कार्तिक ठाकुर, मीना पांडेय, रानी रीतम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। मौके पर सिविल सर्जन ने बुके देकर मृत्युंजय पांडेय को सम्मानित किया। उपाधीक्षक डॉ प्रभात रंजन ने अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि मृत्युंजय पांडेय ने अनुसेवक के पद पर 38 वर्ष कार्यरत रहे। जिसमें करीब अठारह वर्ष इंजुरी के संचिका का संधारण किया, जो सीधे न्यायालय से जुड़ा होता है। लेकिन आज तक कभी कोई आरोप या कारवाई का सामना नहीं करना पड़ा और न ही इतने लंबे सेवा काल में कभी अनुपस्थित हुए, यानि काजल की कोठरी में लंबे समय रहकर बेदाग निकले। चिकित्सक भी इंजूरी रिपोर्ट लिखने में इनसे सलाह लेते हैं।









