
श्रावणी मेला के दौरान कांवरिया पथ में श्रद्धालुओं की दी जाने वाली सुविधाओं का मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया निरीक्षण
देवघर। सोमवार को मंत्री नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग सुदिव्य कुमार सोनू ने राजकीय श्रावणी मेला, 2025 को लेकर चल रही तैयारियों का समीक्षा बैठक व स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा व पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग ने बाघमारा स्तिथ आईएसबीटी के अलावा कोठिया स्तिथ टेंट सिटी एवं वाहन पड़ाव स्थल, सरसा, परित्राण पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर अद्यतन स्थिति की जायजा लिया। साथ ही सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के अलावा विद्युत, शौचालय, पेयजल व बेरिकेड्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावे निरीक्षण के क्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दुम्मा बॉर्डर से पैदल निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को दी जाने विभिन्न सुविधाओं यथा पेयजल, स्नानागार, मोबाइल चार्जिंग, भक्तिमय मनोरंजन, स्वास्थ्य सुविधा, सूचना सह सहायता केंद्र, साफ-सफाई, अतिक्रमण मुक्त कावड़िया पथ, रंगरोगन आदि का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया रुटलाइन में सभी सुविधाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीक़े से कराए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आध्यात्मिक भवन के निरीक्षण के दौरान मंत्री द्वारा संबंधित अधिकारियों को निदेश देते हुए कहा गया कि श्रद्धालुओं के होल्डिंग पॉइन्ट व भीड़ को व्यवस्थित करने के दृष्टिकोण से आध्यात्मिक भवन काफी महत्वपूर्ण स्थल है।

ऐसे में यहां श्रद्धालुओं हेतु बेहतर सुविधा मुहैया कराया जाय। यहां हॉल में बेड लगवाया जाय। साथ ही कारपेट भी बिछवाया जाय तथा शौचालय, स्नानागार व मोबाइल चार्जर आदि की बेहतर व्यवस्था कराया जाय।
स्वच्छता और विनम्रता पर श्रावणी मेला में रहे जोर
स्वच्छता और विनम्रता श्रावणी मेला की मूल संवेदना रहनी चाहिए। देश दुनिया से जो भी आये वह एक अच्छा संदेश लेकर जाए। साफ सफाई का प्रबंधन इस प्रकार हो कि वे एक जगह न रहकर सभी ओर रहें और लगातार साफ सफाई होती रहे। मंत्री ने कहा कि पूरे एल क्षेत्र में चाक चौबन्द व्यवस्था रहे। पूरे शहर में वैकल्पिक व्यवस्था के साथ रोशनी रहे कहीं भी अंधेरा ना रहे। अस्पताल और हेल्थ सेंटर में डॉक्टर रहें तथा एम्बुलेंस प्रत्येक लोकेशन पर रहे। एनडीआरएफ की टीम और प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहे। सभी थाना और ओपी संवेदनशील रहें। पार्किंग और यातायात में कोई समस्या न आये। इस दौरान उपरोक्त के अलावा देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, उपविकास आयुक्त देवघर पियुष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित विभाग के अधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं अन्य आदि उपस्थित थे।








