होमगार्ड जवान दयानंद के प्रयास से सात दिनों बाद सकुशल कुआं से निकाली गई लोमड़ी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

होमगार्ड जवान दयानंद के प्रयास से सात दिनों बाद सकुशल कुआं से निकाली गई लोमड़ी 

देवघर। देवघर जिले के संग्रामलोढ़िया पंचायत स्थित चोल पहाड़ी के एक कुएं में एक लोमड़ी गिर गई थी, जिसे ग्रामीणों ने देखने के बाद कई प्रयास किए, लेकिन कुआं से निकालने में सफलता नहीं मिली। अंततः चित्तौलोढ़िया गांव निवासी होमगार्ड जवान दयानंद कुमार की सूझबूझ और अथक प्रयास से लोमड़ी को सात दिन बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया जाता है कि लोमड़ी कुआं में गिरने के बाद लगातार सात दिनों तक उसमें फंसी रही। इस दौरान दयानंद कुमार ने वन विभाग को सूचित किया, लेकिन कोई ठोस मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने खुद संथाल समुदाय के कुछ युवकों को एकत्र कर उन्हें इस कार्य में लगाया। दयानंद ने अपने निजी खर्चे पर लोमड़ी के लिए रोजाना खाने-पीने की व्यवस्था की और उसे जिंदा रखा। सातवें दिन सामूहिक प्रयास से लोमड़ी को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ग्रामीणों में इस सफल बचाव कार्य को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। दयानंद कुमार ने बताया कि भले ही लोमड़ी एक खूंखार जानवर मानी जाती है, लेकिन यह हमारे जंगलों की एक अहम कड़ी है। ऐसे जीवों को यूं ही मरने के लिए छोड़ देना सही नहीं है। इस कार्य में विशाल कुमार, कृष्ण कुमार, पिंटू सिंह, श्याम कुमार, एवं वनरक्षी सुमन कुमार वर्मा ने सुझाव व सहयोग प्रदान किया। संपूर्ण बचाव कार्य का खर्च दयानंद कुमार द्वारा वहन किया गया। ग्रामीणों ने भी इस कार्य के लिए दयानंद और उनकी टीम की सराहना की।

Baba Wani
Author: Baba Wani

Leave a Comment

और पढ़ें