
भारत पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को ले झारखंड के इन जिलों में 7 मई को होगा मॉक ड्रिल
रांची। पहलगाम आतंकी हमले के बाद देश के लोगों में आक्रोश का माहौल है। आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पाकिस्तान से तनाव के बीच केंद्र सरकार ने देश के 244 जिलों में 7 मई को मॉक ड्रिल करने के लिए कहा है। इसमें नागरिकों को हमले के दौरान खुद को बचाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। यह इसलिए किया जा रहा है ताकि युद्ध की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मॉकड्रिल को लेकर जिले के एसएसपी व एसपी अपने तरफ से तैयारी कर रहे हैं। देश में पिछली बार ऐसी मॉक ड्रिल 1971 में हुई थी। तब भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध हुआ था। यह मॉक ड्रिल युद्ध के दौरान हुई थी। दरअसल, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बड़ा आतंकी हमला हुआ, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। सरकार किसी भी संभावित खतरे से पहले तैयारी करना चाहती है।
झारखंड के इन जिलों में होगा मॉक ड्रिल
झारखंड के रांची, जमशेदपुर, गोड्डा, साहिबगंज और बोकारो जिला में मॉक ड्रिल किया जाएगा। वहीं बोकारो जिला के गोमिया में बारूद फैक्ट्री होने की वजह से अलग से मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। मॉक ड्रिल यानी एक तरह की प्रैक्टिस है, जिसमें हम यह देखते हैं कि अगर कोई इमरजेंसी (जैसे एयर स्ट्राइक या बम हमला) हो जाए, तो आम लोग और प्रशासन कैसे और कितनी जल्दी रिएक्ट करता है। ब्लैकआउट एक्सरसाइज का मतलब है कि एक तय समय के लिए पूरे इलाके की लाइटें बंद कर देना। इसका मकसद यह दिखाना होता है कि अगर दुश्मन देश हमला करे, तो इलाके को अंधेरे में कैसे सुरक्षित रखा जा सकता है। इससे दुश्मन को निशाना साधने में मुश्किल होती है।









